बकरी पालन निवेश योजना में करोड़ों की ठगी का आरोप, एसकेएमयू की असिस्टेंट प्रोफेसर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज
दुमका। दुमका में बकरी पालन के नाम पर निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाने वाली एक नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी पर बड़ी ठगी का आरोप लगा है। कंपनी पर आरोप है कि उसने प्रतिदिन 0.5 से 0.75 प्रतिशत तक रिटर्न देने और कुछ महीनों में रकम दोगुनी करने का भरोसा देकर लोगों से लाखों रुपये निवेश कराए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुमका एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि बकरी पालन परियोजना में निवेश के नाम पर लोगों से राशि लेने और बाद में परेशानी उत्पन्न होने की शिकायत मिली है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
एसकेएमयू की सहायक प्रोफेसर डॉ.अंजुला मुर्मू ने दर्ज कराई प्राथमिकी
दिग्घी ओपी में सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ.अंजुला मुर्मू के आवेदन पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों में नवादा के विनोद कुमार सिंह, मनीष कुमार सिंह और विवेक कुमार, गिरिडीह के विलियम जैकब, जमशेदपुर के रंजीत शर्मा तथा दुमका की सुष्मिता सोरेन और रीता सोरेन शामिल हैं।
दैनिक कमाई और दोगुनी राशि का दिया गया था भरोसा
डॉ.अंजुला मुर्मू के अनुसार, दिसंबर 2025 में उन्हें बकरी पालन परियोजना में निवेश का प्रस्ताव दिया गया था। उन्हें बताया गया था कि निवेश की गई राशि पर प्रतिदिन अच्छा रिटर्न मिलेगा और आठ से 13 महीने के भीतर मूलधन दोगुना हो जाएगा। उनका आरोप है कि बाद में कंपनी का ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बंद हो गया और मुख्य व्यक्ति से संपर्क टूट गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का आरोप लगाया।
एक करोड़ से अधिक तक पहुंच सकती है ठगी की राशि
पुलिस के अनुसार, मामले में ठगी की राशि को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। कुछ लोगों ने राशि एक करोड़ रुपये से अधिक बताई है, जबकि कुछ शिकायतकर्ताओं ने 30 से 35 लाख रुपये तक की ठगी की बात कही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
नामजद महिलाओं ने बताया खुद को पीड़ित
मामले में आरोपी बनाई गईं सुष्मिता सोरेन और रीता सोरेन ने एसपी से मिलकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में उनकी कोई संलिप्तता नहीं है और वे स्वयं भी कथित ठगी का शिकार हुई हैं।
एसपी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
दुमका एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि फिलहाल एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। अगर अन्य लोग भी शिकायत लेकर सामने आते हैं तो उनकी बातों को भी शामिल कर जांच की जाएगी। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। #####
