परीक्षा विभाग की अनियमितताओं को लेकर विद्यार्थी परिषद् ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन, 14 सितंबर तक का दिया अल्टीमेटम
दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं तथा परीक्षा विभाग में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गुरुवार को कुलपति प्रो.कुनुल कंडीर को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन को 14 सितंबर तक समस्याओं के समाधान के लिए समय दिया है। निर्धारित समय-सीमा में ठोस कार्रवाई नहीं होने पर भूख हड़ताल सहित लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन में प्रभारी परीक्षा नियंत्रक को हटाने और उनके कार्यकाल एवं कार्य प्रणाली की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा एनसीसीएफ से संबंधित कार्यों एवं निविदा प्रक्रिया की जांच, परीक्षा केंद्रों में किए गए बदलाव की समीक्षा, लंबित परीक्षाओं एवं परिणामों का शीघ्र प्रकाशन तथा परीक्षा परिणाम और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई है। परिषद ने विश्वविद्यालय में विधि स्नातक की पढ़ाई शुरू करने, भवन निर्माण कार्यों की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराने, घटाई गई स्नातक नामांकन सीटों को पुनः बहाल करने तथा शोध उपाधि प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग भी रखी है। इस अवसर पर नगर सह मंत्री आदित्य जोशी ने कहा कि परीक्षा और परिणाम से जुड़ी समस्याओं के कारण हजारों विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़
रहा है। परीक्षा विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रभारी परीक्षा नियंत्रक के कार्यकाल एवं कार्यप्रणाली को लेकर विद्यार्थियों के बीच उठ रहे सवालों का निष्पक्ष जांच के माध्यम से समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष उठाती रही है, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई तो परिषद आंदोलन को और तेज करेगी। कुलपति को ज्ञापन सौंपने के दौरान दुमका एवं साहिबगंज विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे, नगर सह मंत्री आदित्य जोशी, शिकारीपाड़ा नगर मंत्री सूरज पाल, मनीष यादव, रजनीश, अब्दुल कलीम, राहुल, जियाउल, मुशर्रफ, राकिब, अजमेर, अमृत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। #####
webakhbar.com
