दुमका फोटोग्राफिक एसोसिएशन का चुनाव संपन्न, कुमार रिपुल अध्यक्ष, रवि कुमार सचिव और मोहम्मद मुस्तफा बने कोषाध्यक्ष
दुमका। दुमका फोटोग्राफिक एसोसिएशन का बहुप्रतीक्षित चुनाव शनिवार को यहां द सिटी गार्डन में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुआ। चुनाव में एसोसिएशन के सदस्यों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कुमार रिपुल को अध्यक्ष, रवि कुमार को सचिव तथा मोहम्मद मुस्तफा को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा के बाद उपस्थित सदस्यों और फोटोग्राफिक समुदाय के लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने में जेपीएसी सेंट्रल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बोकारो से उपेंद्र एवं श्रीकांत चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित थे। वहीं हजारीबाग से जेपीएससी सेंट्रल के बिरजू कुमार तथा देवघर फोटोग्राफिक एसोसिएशन से नवीन कुमार ने भी चुनाव प्रक्रिया में पर्यवेक्षक के रूप में सहयोग किया। जबकि स्थानीय स्तर पर चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में चुनाव कमेटी के खोकन दास एवं चंदू केसरी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पर्यवेक्षकों और चुनाव कमेटी के सदस्यों ने निर्धारित नियमों एवं लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई।
पूर्व अध्यक्ष ने नई टीम का किया स्वागत
चुनाव परिणाम के बाद दुमका फोटोग्राफिक एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रतिक रंजन सेन ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमार रिपुल, सचिव रवि कुमार एवं कोषाध्यक्ष मोहम्मद मुस्तफा का अभिनंदन किया। उन्होंने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह चुनाव संगठन को नई दिशा देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि दुमका के फोटोग्राफरों, वीडियोग्राफरों, सिनेमैटोग्राफरों एवं अन्य रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े प्रोफेशनल्स को एकजुट कर एसोसिएशन को मजबूत मंच के रूप में विकसित करने की जरूरत है। युवा फोटोग्राफरों, वीडियोग्राफरों एवं एडिटरों को संगठन से जोड़ने के साथ उनके कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण एवं कार्यशालाएं आयोजित करने पर भी उन्होंने जोर दिया। श्री सेन ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी सदस्यों को व्यक्तिगत मतभेदों से उपर उठकर सामूहिक हित में काम करना होगा। उन्होंने नई टीम से पारदर्शिता, आपसी सम्मान और सहयोग की भावना के साथ संगठन को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई।
नई टीम ने जताया आभार
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने चुनाव में विश्वास जताने के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सदस्यों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने, संगठन को मजबूत करने और दुमका फोटोग्राफिक एसोसिएशन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया। ##### webakhbar.com
