दुमका के खूंटाबांध तालाब में पैडल बोटिंग शुरू, विधायक बसंत सोरेन ने नवनिर्मित शिबू सोरेन इंडोर स्टेडियम का भी किया उद्घाटन
दुमका। दुमका शहरी क्षेत्र अंतर्गत नागरिक सुविधाओं एवं खेल अवसंरचना के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शनिवार को स्थानीय खूंटाबांध तालाब में पैडल बोटिंग की शुरुआत एवं नवनिर्मित शिबू सोरेन इंडोर स्टेडियम का उद्घाटन शनिवार को विधायक बसंत सोरेन ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विधायक श्री सोरेन ने कहा कि दुमका को उपराजधानी के अनुरूप संवारने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। वर्तमान समय में कई विकास
योजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। आगे भी दुमका जिले को विभिन्न जनहितकारी एवं विकासोन्मुखी योजनाओं से आच्छादित कर समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिबू सोरेन इंडोर स्टेडियम सभी प्रकार के इनडोर खेलों के लिए निर्मित किया गया है, जिसमें मुख्य रूप से बैडमिंटन की सुविधा उपलब्ध है। स्टेडियम के संचालन के लिए शीघ्र ही सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिससे आमजन इससे जुड़ सकेंगे। इसके अतिरिक्त यहां कैरम, शतरंज, टेबल टेनिस सहित अन्य इनडोर खेलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर की सामग्री उपलब्ध है। साथ ही स्टेडियम परिसर में योगा कक्षाएं संचालित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है। विधायक ने खूंटाबांध तालाब में पैडल बोटिंग की शुरुआत के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खूंटाबांध तालाब दुमका शहर का एक प्रमुख एवं मनोरम स्थल है। आमजनों के मनोरंजन एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां बोटिंग की सुविधा शुरू की गई है। इसके लिए मात्र 30 रूपये में प्रति राइड शुल्क निर्धारित किया गया है। बोटिंग संचालन में सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन किया जा रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में और भी पैडल बोट्स की व्यवस्था की जाएगी।



