दुमका। दुमका शहर के राखाबनी मोहल्ला स्थित विकास विद्यालय में शनिवार को सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर विशेष अतिथि एएसआई मुन्ना सिंह और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त एनएसएस स्वयंसेवक जतिन कुमार ने यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को समझाया कि यातायात नियमों का पालन कर हम न केवल अपने को किसी सड़क दुर्घटना से बचाते है बल्कि दूसरों की
भी सहायता करते है। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे यातायात नियमों को न केवल अच्छी तरह समझें, बल्कि भविष्य में उनका ईमानदारी से पालन भी करें। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चे अपने माता-पिता को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें और उनसे आग्रह करें कि दोपहिया वाहन चलाते समय तेज गति न अपनाएं तथा सुरक्षा नियमों का ध्यान रखें। कार्यक्रम के अंत में एएसआई श्री सिंह ने विद्यालय के सभी
बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में बच्चों के साथ विद्यालय के निदेशक नवीन मिश्रा और प्राचार्या पूजा मिश्रा सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं व अभिभावक भी उपस्थित थे।
