सादगी की मिसाल : बाइक से दफ्तर पहुंचे दुमका नगर परिषद् के नए अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया, लोगों ने की सराहना

दुमका। दुमका नगर परिषद् के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया ने अपने कार्यकाल के पहले ही दिन सोमवार को एक अनोखी और सकारात्मक पहल करते हुए बाइक से कार्यालय पहुंचकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। आमतौर पर जनप्रतिनिधियों के काफिले और गाड़ियों की चर्चा होती है, लेकिन अभिषेक चौरसिया की यह सादगी भरी शुरुआत शहर में चर्चा का विषय बन गया। कार्यालय पहुंचने के दौरान उन्होंने किसी तरह का तामझाम नहीं दिखाया, बल्कि एक आम नागरिक की तरह बाइक से दफ्तर पहुंचे। रास्ते में लोगों ने उन्हें देखा तो आश्चर्य के साथ-साथ सराहना भी की। कई लोगों ने इसे “जमीन से जुड़े नेतृत्व” का पहचान
बताया। कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष ने अधिकारियों और कर्मियों से मुलाकात की तथा शहर के विकास, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी प्राथमिकता दुमका को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाना है। शहरवासियों का मानना है कि इस तरह की सादगी और जनता के बीच रहने का संदेश न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि इससे प्रशासन और जनता के बीच दूरी भी कम होगी। अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया की यह पहल उनकी कार्यशैली की झलक मानी जा रही है, जिसे लेकर लोगों में उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
