Local & National News in Hindi
ब्रेकिंग
रांची में राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होंगे दुमका के डॉ.सपन कुमार बकरी पालन निवेश योजना में करोड़ों की ठगी का आरोप, एसकेएमयू की असिस्टेंट प्रोफेसर की शिकायत पर एफआईआर... नोनीहाट निवासी राहुल नंदी बने मेरा युवा भारत के युवा स्वयंसेवक फेसबुक पोस्ट ने मचाई धूम, एलआईसी अभिकर्ता राजेश सिन्हा का अंदाज देख मुस्कुराए लोग जन्माष्टमी पर ग्रीन माउंट एकेडमी में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, राधा-कृष्ण से लेकर डॉक्टर-पुलिस के रूप... मां की पुण्यतिथि पर रक्तदान कर डॉ.मनोज कुमार घोष ने पेश की सेवा और संवेदना की मिसाल पूर्व गणतंत्र दिवस परेड के लिए एसकेएमयू में चयन शिविर, 22 स्वयंसेवकों का हुआ चयन श्रीकृष्णाष्टमी पर भक्तिमय होगा दुमका, मंदिरों में गूंजेगा ‘हरे कृष्ण’ का जयघोष नेपाल बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आया ग्रीन माउंट एकेडमी, निकाली सहायता रैली झामुमो नेता राजेश कुमार सिंह ने उठाई नोनीहाट बासुकीनाथ मोड़ को ‘नाग वासुकी चौक’ बनाने की मांग

सूचना आयुक्त चयन पर सवाल : क्या यह पद अब राजनीतिक चेहरों तक ही सीमित?

0 210

✍️ डॉ.सिकन्दर कुमार,अधिवक्ता, दुमका

झारखंड में सूचना आयुक्त जैसे संवैधानिक महत्व के पद पर चल रही चयन प्रक्रिया अब गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। जिस उम्मीद और विश्वास के साथ आम नागरिकों ने इस पद के लिए आवेदन किया था, वह अब टूटता नजर आ रहा है। आरोप यह है कि यह पूरी प्रक्रिया कहीं न कहीं पहले से तय राजनीतिक चेहरों को पद पर बैठाने की औपचारिकता बनकर रह गई है।

सबसे बड़ा और बुनियादी सवाल यही है— क्या अब इस पद के लिए योग्यता, अनुभव और ईमानदारी नहीं, बल्कि राजनीतिक जुड़ाव ही असली “क्वालिफिकेशन” बन गया है?

सूत्रों के अनुसार जिन नामों की चर्चा है, वे अधिकांशतः ऐसे व्यक्तियों के हैं जिनका सीधा संबंध किसी न किसी राजनीतिक दल या सत्ता के करीबियों से रहा है। यदि यह सही है, तो फिर लाखों आम नागरिकों से आवेदन मंगवाने का क्या औचित्य था? क्या यह पूरी प्रक्रिया केवल दिखावे के लिए थी?

सूचना का अधिकार कानून आम जनता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से बनाया गया था—ताकि सरकार और प्रशासन जवाबदेह बने। लेकिन यदि उसी कानून की निगरानी करने वाले पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया ही पारदर्शी न हो, तो आम आदमी न्याय और निष्पक्षता की उम्मीद आखिर किससे करे?

अब आवेदन करने वाले उम्मीदवार भी खुलकर सवाल उठा रहे हैं—

चयन के मापदंड क्या हैं?

शॉर्टलिस्टिंग किस आधार पर की जा रही है?

क्या बिना राजनीतिक पहचान के किसी योग्य उम्मीदवार के लिए कोई वास्तविक अवसर बचा है?

यह आरोप भी सामने आ रहा है कि पूरी चयन प्रक्रिया पहले से तय नामों को वैधता देने का माध्यम बन चुकी है। यदि ऐसा है, तो यह केवल एक नियुक्ति का मामला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सीधा आघात है।

सरकार के लिए अब यह आवश्यक हो गया है कि वह स्पष्ट और सार्वजनिक रूप से जवाब दे—

क्या यह चयन प्रक्रिया वास्तव में निष्पक्ष है, या फिर “अपने लोगों” को पद पर बैठाने की एक सोची-समझी कवायद?

जब आम जनता को ही इस प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा, तो “सूचना का अधिकार” केवल कागजों तक सीमित होकर रह जाएगा। ऐसे में जरूरी है कि चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाया जाए। वरना जनता का भरोसा टूटना तय है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.