दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के स्नातकोत्तर उर्दू के विभागाध्यक्ष डॉ.शम्स तबरेज खान ने सोमवार को कुलपति प्रो.राम कुमार सिंह से शिष्टाचार मुलाकात कर विश्वविद्यालय के शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मुलाकात के दौरान उन्होंने शिक्षकों के हित, सम्मान और शैक्षणिक वातावरण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। डॉ.खान ने हाल में ही हुए शिक्षकों के प्रमोशन प्रक्रिया पर चिंता जताते हुए कहा कि यह अभी अधूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि सभी शिक्षकों के प्रमोशन से संबंधित प्रस्तावों पर झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) से अंतिम अनुमोदन प्राप्त होने तक प्रतीक्षा की जानी चाहिए थी, ताकि सभी योग्य शिक्षकों को समान अवसर और लाभ मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने कुछ छात्र संगठनों,
विशेषकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कुछ सदस्यों द्वारा शिक्षकों के प्रति किए गए अभद्र व्यवहार का मुद्दा भी उठाया। इस पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं विश्वविद्यालय के शैक्षणिक माहौल को प्रभावित करती हैं। उन्होंने प्रशासन से शिक्षकों की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। डॉ.खान ने स्पष्ट कहा कि शिक्षकों का सम्मान और उनके हितों की रक्षा करना विश्वविद्यालय की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि समय रहते इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, तो इसका नकारात्मक असर पूरे शैक्षणिक वातावरण पर पड़ सकता है। कुलपति प्रो.सिंह ने डॉ.खान की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर उचित विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षकों के हितों की रक्षा और एक सकारात्मक एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
