ओबीसी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर राजद की विचार-गोष्ठी, बोले सुनील साहू- केंद्र सरकार महिला आरक्षण के नाम पर फैला रही भ्रम
दुमका। राष्ट्रीय जनता दल, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, जिला दुमका के तत्वावधान में शुक्रवार को यहां परिसदन भवन में एक दिवसीय विचार-गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत ओबीसी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना” रहा। कार्यक्रम में प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राजद जिला अध्यक्ष डॉ.अमरेन्द्र कुमार यादव शामिल हुए। कार्यक्रम की
अध्यक्षता प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष उपेंद्र नाथ मंडल ने की। गोष्ठी को संबोधित करते हुए सुनील साहू ने कहा कि वर्ष 2023 में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया गया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण के नाम पर भ्रम फैला रही है और ओबीसी महिलाओं की भागीदारी को लेकर कोई स्पष्ट नीति सामने नहीं आई है। उन्होंने चेतावनी दी कि राजद पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ इस मुद्दे पर चरणबद्ध आंदोलन चलाएगा। राजद जिला अध्यक्ष डॉ.यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई में पिछड़े वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है और इसके लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा। राजद
अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बाबूराम हांसदा ने वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाने के लिए एकजुट होने की अपील की। वहीं प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार मंडल ने इस आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया। महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष साव्या सिंह ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना सामाजिक न्याय अधूरा है और ओबीसी
महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए सभी को आगे आना होगा। कार्यक्रम में कार्यकारी जिला अध्यक्ष डॉ.प्रमोद पंडित, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष मो.जमील अख्तर, नगर अध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह “चंचल”, जिला उपाध्यक्ष संतोष मंडल, महासचिव अमरेंद्र कुमार यादव, जामा प्रखंड अध्यक्ष रामसुंदर पंडित, रामगढ़ प्रखंड अध्यक्ष राजेश रंजन यादव, बासुकीनाथ नगर अध्यक्ष छत्तीस महतो, शिकारीपाड़ा प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप कुमार मंडल, जरमुंडी क्षेत्र के रमन कुमार रमन सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
