राजद ने मधुबन गांव में मनाया लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन, ग्रामीणों ने उठाई रेलवे हॉल्ट की मांग
जरमुंडी/दुमका। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) दुमका जिला इकाई की ओर से गुरूवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सामाजिक न्याय के प्रमुख नेता लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन जरमुंडी प्रखंड के मधुबन गांव में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष डॉ.अमरेन्द्र कुमार यादव ने की, जबकि संचालन अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मो.जमील अख्तर ने किया। आयोजन प्रखंड अध्यक्ष गणेश भंडारी के संयोजकत्व में संपन्न हुआ। दलित एवं अल्पसंख्यक बहुल मधुबन बस्ती में राजद कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ मिलकर केक काटा, मिठाइयां बांटी तथा लालू प्रसाद यादव के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे। डॉ.अमरेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने
गरीबों, दलितों, पिछड़ों, वंचितों और अल्पसंख्यकों को सामाजिक एवं राजनीतिक सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को आवाज देने का कार्य किया, जिसके कारण आज भी वे करोड़ों लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और भाईचारे की राजनीति में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को नेताओं के समक्ष रखा और मधुबन में रेलवे हॉल्ट निर्माण की मांग उठाई। इस मांग का समर्थन करते हुए डॉ.यादव ने कहा कि मधुबन में रेलवे हॉल्ट बनने से जरमुंडी प्रखंड के साथ-साथ देवघर जिले के सोनारायठाड़ी प्रखंड के हजारों लोगों को भी रेल यात्रा की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जनभावना से जुड़ा मुद्दा है, जिसके लिए राजद लगातार आवाज उठाता रहेगा। कार्यक्रम में कार्यकारी जिलाध्यक्ष डॉ.प्रमोद पंडित, जिला महासचिव ललित यादव, जिला सचिव मुकेश राकेश, सरैयाहाट प्रखंड अध्यक्ष राकेश यादव, दुमका नगर अध्यक्ष अविनाश सिंह उर्फ चंचल, बासुकीनाथ नगर अध्यक्ष छतिश महतो सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता, ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। अंत में उपस्थित लोगों ने लालू प्रसाद यादव के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
