दुमका में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर, उपायुक्त ने मेंटेनेंस कार्यों में तेजी और पारदर्शिता के दिए निर्देश
दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था एवं मेंटेनेंस कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बिजली से जुड़े मेंटेनेंस कार्यों में तेजी लाई जाए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर व्यवस्थित ढंग से पूरे किए जाएं। उपायुक्त ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मैनपॉवर की व्यवस्था कर कार्यों को गति दी जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा और ऐसी स्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि यदि मेंटेनेंस कार्य के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित करनी हो, तो इसकी सूचना एक दिन पूर्व समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से आम जनता को अवश्य दी जाए। उन्होंने कहा कि बिजली पर निर्भर महत्वपूर्ण एवं आपातकालीन कार्यों को ध्यान में रखते हुए पूर्व सूचना देना अनिवार्य है, ताकि लोग अपनी आवश्यक तैयारियां कर सकें।
बैठक के दौरान ट्रांसफॉर्मर बदलने, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
