Local & National News in Hindi
ब्रेकिंग
परीक्षा विभाग की अनियमितताओं को लेकर विद्यार्थी परिषद् ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन, 14 सितंबर तक का दि... गुरुदेव श्री श्री रविशंकर से जुड़े एसकेएमयू के शिक्षक-पदाधिकारी, मिला तनावमुक्त जीवन और सकारात्मक सो... गणेश महोत्सव : न जमीन, न आसन, हवा में विराजेंगे गणपति बप्पा; दुमका के बाँध पाड़ा में दिखेगी 20 फीट क... दुमका की अरबी खातून बनीं जरमुंडी विधानसभा कांग्रेस प्रभारी, महेश राम चंद्रवंशी को पोड़ैयाहाट और संजी... दुमका में रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के लिए चलेगा प्रोजेक्ट रक्त संचयन अभियान नेपाल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दुमका में रोटी बैंक ने चलाया राहत सहयोग अभियान हनुमान चालीसा में छिपा है भक्ति का महासागर, पाठ से मिलता है अनेक देवी-देवताओं और संतों का आशीर्वाद शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर कल बंद रहेंगे दुमका के सभी स्कूल पुण्यतिथि पर दुमका में याद की गईं मदर टेरेसा, लोगों ने दी श्रद्धांजलि ग्रीन माउंट एकेडमी में शिक्षक दिवस पर दिखी गुरु-शिष्य परंपरा की झलक

गणेश महोत्सव : न जमीन, न आसन, हवा में विराजेंगे गणपति बप्पा; दुमका के बाँध पाड़ा में दिखेगी 20 फीट की अनोखी प्रतिमा

0 148

दुमका। गणपति बप्पा के स्वागत को लेकर दुमका में तैयारियां शुरू हो गई हैं, लेकिन इस बार बाँध पाड़ा में गणेश महोत्सव सिर्फ पूजा-पंडाल तक सीमित नहीं रहने वाला। यहां गणपति बप्पा का ऐसा अनोखा दरबार सजने जा रहा है, जिसे देखकर श्रद्धालु भी कुछ पल ठहरकर निहारने को मजबूर होंगे। करीब 20 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा हवा में संतुलित नजर आएगी। मुंबई के प्रसिद्ध ‘परळचा महाराजा’ की बैलेंसिंग थीम से प्रेरित इस प्रतिमा को लेकर अभी से शहर में उत्सुकता बढ़ने लगी है।

इस बार 5 लाख का है बजट  : पूजा की तैयारी को लेकर श्री श्री 108 सार्वजनिक गणेश पूजा समिति, बाँध पाड़ा, दुमका की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम संयोजक सह पूजा प्रभारी सुमन कुमार साह ने बताया कि इस बार पूजा, सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित पूरे आयोजन के लिए करीब पांच लाख रुपये का बजट रखा गया है।

गणपति की ‘बैलेंसिंग’ देख दंग रह जाएंगे श्रद्धालु
पूजा प्रभारी सुमन ने कहा कि इस वर्ष गणेश महोत्सव को विशेष रूप देने की तैयारी है। प्रतिमा को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि गणपति बप्पा जमीन पर विराजमान होने के बजाय हवा में संतुलन बनाए हुए दिखाई देंगे। यही अनोखा अंदाज इस बार के गणेशोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण बनने जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुंबई की चर्चित बैलेंसिंग थीम से प्रेरणा लेकर तैयार की जा रही इस प्रतिमा के पीछे की तकनीक और संतुलन को लेकर भी लोगों में खासा कौतूहल है। दुमका के कारीगर भागीरथ मिस्त्री अपने बेटे बीके शर्मा उर्फ विक्की शर्मा और सीके शर्मा के साथ मिलकर इस अनोखी प्रतिमा को आकार दे रहे हैं।
14 से 16 सितंबर तक पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रम, 17 को विसर्जन
पूजा प्रभारी सुमन ने बताया कि तीन दिवसीय गणेश महोत्सव का शुभारंभ 14 सितंबर को होगा। 15 और 16 सितंबर को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 17 सितंबर को भव्य विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। समिति की ओर से पिछले वर्ष किए गए वादे के अनुरूप इस बार आयोजन को और भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। सुमन ने कहा कि समिति का लक्ष्य बाँध पाड़ा की गणेश पूजा को दुमका में एक अलग पहचान दिलाना है। इसके लिए प्रतिमा, पूजा-पंडाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विसर्जन यात्रा को आकर्षक बनाने की तैयारी चल रही है। पूजा आयोजन की तैयारी में पूजा समिति के प्रभारी सुमन के साथ मानस शेखर,  अनुज लायक, विक्की राउत, रिक्की साह, आलोक कुमार, लल्टू, आकाश कुमार शर्मा, राजा लायक, मयंक कुमार, संजय साह, विक्की कुमार, सुमित चौरसिया, सौरव भगत, अविनाश चौरसिया, सोनू सिंह, दीपक सिंह , रोशन कुमार आदि सक्रिय भूमिका निभा रहे है। #####

Leave A Reply

Your email address will not be published.