जामा। जामा प्रखंड कार्यालय के द्वारा शनिवार को प्रखंड अंतर्गत भटनियां पंचायत के गोवारी टोला में कम्बल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जामा विधायक डॉ.लुईस मरांडी के हाथों 60 वृद्ध, असहाय, आदिवासी, हरिजन एवं पिछड़ा वर्ग के जरूरतमंद लोगों के बीच कम्बल का वितरण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ.मरांडी ने कहा कि झारखंड सरकार गरीब, वृद्ध और असहाय वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए
लगातार कार्य कर रही है। ठंड के इस मौसम में किसी भी जरूरतमंद को परेशानी न हो, इसके लिए सरकार द्वारा प्रत्येक पंचायत में कम्बल उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की सेवा करना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ.विवेक किशोर, पंचायत की मुखिया मिनु हेम्ब्रम, पंचायत सचिव नीरज मिश्रा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष विभीषण मुर्मू, सविता मुर्मू, लुखीराम हांसदा आदि उपस्थित थे।

