दुमका। रामनवमी के पावन अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी दुमका शहर के श्री बजरंगबली लोकनाथ साईं मंदिर में 27 मार्च को विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर हनुमानजी की विधिवत पूजन एवं ध्वजा चढ़ाने का कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके उपरांत सुबह 9:00 बजे शिरडी वाले साईंनाथ की भव्य एवं पवित्र पालकी यात्रा मंदिर प्रांगण से निकलकर नगर भ्रमण पर जाएगी। श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में आकर संपन्न होगी। यात्रा के समापन के बाद बाबा को महाभोग अर्पित किया जाएगा तथा सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। इस पुनीत अवसर पर सभी श्रद्धालुओं से परिवार एवं बंधु-बांधवों के साथ शामिल होने की अपील की गई है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर प्रबंधन के अध्यक्ष रंजन कुमार सिन्हा, सचिव उत्तम कुमार गुड्डू, कोषाध्यक्ष राधेश्याम शाह सहित साईं भक्त अरुण कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार साह, देवेंद्र चौधरी, ओमियो सिंह, रामप्रवेश साह, बिनोद सिंह, आदित्य कुमार, अमर कुमार एवं अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
