दुमका। शहर के वार्ड संख्या 6 स्थित शिव सुंदरी रोड, कुम्हार पाड़ा में लंबे समय से चली आ रही विद्युत आपूर्ति की समस्या के समाधान की दिशा में नगर परिषद् अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शुक्रवार को नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया। ट्रांसफार्मर के चालू होने से क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को अब बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद जगी है। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया ने कहा कि नगरवासियों की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहर के किसी भी मोहल्ले में बिजली, पानी, सफाई और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े
कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे भी कराया जाता रहेगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से लो-वोल्टेज एवं बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या बनी हुई थी, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अध्यक्ष की पहल और सक्रिय प्रयासों से नए ट्रांसफार्मर की स्थापना संभव हो सकी, जिससे लोगों में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर वार्ड पार्षद निशा परवीन, वार्ड संख्या 8 के पार्षद महेश राम चंद्रवंशी, मो.इरशाद, मो.अलीमाम टिंकू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया द्वारा शहर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान और सफाई व्यवस्था में हुए सुधार की भी सराहना की। लोगों ने कहा कि नगर परिषद् अध्यक्ष के नेतृत्व में शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति मिली है और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार पहल की जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने नए ट्रांसफार्मर की सौगात के लिए अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह विकास कार्यों का लाभ क्षेत्र को मिलता रहेगा।
