सावन में शिवभक्ति की मिसाल बना दुमका का दीनानाथ नाश्ता स्टॉल, यहां बन रहा बिना प्याज-लहसुन का नाश्ता
दुमका। पवित्र सावन माह में भगवान भोलेनाथ की भक्ति में श्रद्धालु तरह-तरह के नियम और संकल्प निभाते हैं। इसी आस्था और श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए दुमका का दीनानाथ नाश्ता स्टॉल भी पिछले चार वर्षों से शिव भक्ति की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। सावन भर यहां मिलने वाले सभी नाश्ते बिना प्याज और लहसुन के तैयार किए जाते हैं, ताकि सावन में व्रत और सात्विक भोजन का पालन करने वाले लोगों को बाहर भी शुद्ध और सात्विक स्वाद मिल सके।
दुकान के संचालक कुंदन कुमार चौधरी ने बताया कि उन्होंने चार साल पहले सावन में यह पहल शुरू की थी, जो आज भी पूरी श्रद्धा के साथ जारी है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष सावन शुरू होने से एक दिन पहले पूर्णिमा के दिन से ही दुकान में प्याज और लहसुन का उपयोग बंद कर दिया जाता है। इस बार भी पूर्णिमा से ही यह नियम लागू कर दिया गया है। कुंदन कुमार
का कहना है कि यह केवल व्यापार का निर्णय नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था और श्रद्धा से जुड़ा संकल्प है। सावन में आने वाले श्रद्धालुओं और सात्विक भोजन पसंद करने वाले ग्राहकों को शुद्ध नाश्ता उपलब्ध कराना ही उनका उद्देश्य है। गौरतलब है कि दीनानाथ नाश्ता स्टॉल दुमका शहर में आइसक्रीम फैक्ट्री के सामने स्थित है। यहां का मुढ़ी घुघनी, समोसा, चौप, वेजिटेबल चौप, जलेबी, पकौड़ी और कचौड़ी सहित कई नाश्ते शहरवासियों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। सावन में बिना प्याज-लहसुन के इन व्यंजनों की मांग और भी बढ़ जाती है।


