दुमका। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को दुमका साईं बाबा की भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग गया। श्री शिरडी धाम साईं मंदिर, ननकू कुरुवा एवं शहर स्थित श्री बजरंगबली लोकनाथ साईं मंदिर से साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु माथे पर ॐ साईं राम की पट्टी बांधे और हाथों में साईं ध्वज और मुख पर “ॐ साईं राम” का जयघोष करते हुए पालकी यात्रा में शामिल हुए। भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
आकर्षक सजावट से सुसज्जित साईं बाबा की पालकी के दर्शन के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर दोनों मंदिरों में बाबा की विशेष पूजा-अर्चना एवं भव्य संध्या आरती भी की गई। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और विश्वास के साथ बाबा के चरणों में शीश नवाया और परिवार, समाज व विश्व कल्याण की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। साईं पालकी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।
पूरा शहर “सबका मालिक एक” और “ॐ साईं राम” के जयघोष से गूंज उठा। गुरु पूर्णिमा के इस आध्यात्मिक आयोजन ने दुमकावासियों को भक्ति, सेवा और सद्भाव का संदेश दिया। इस पावन यात्रा में राजेश कुमार सिंह उर्फ बबलू जी, अरुण कुमार सिंह, डॉ.मनोज कुमार घोष, डॉ.संजय कुमार सिन्हा, रंजन कुमार सिन्हा, नवीन कुमार सिंह, उत्तम कुमार दास, अन्नू सिंह, ओमियो कुमार सिंह, राधेश्याम साह, विनोद कुमार सिंह सहित अच्छी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे।


