रानीश्वर/दुमका। मयूराक्षी ग्रामीण कॉलेज रानीश्वर में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाई 3, 4 एवं 5 के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया गया। इस दौरान कॉलेज परिसर में आम, जामुन, कटहल सहित कई फलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो.नब कुमार पाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण के लिए सभी लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ
उनकी देखभाल भी करनी चाहिए। एनएसएस इकाई-4 के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ.प्रशांत पातर ने स्वयंसेवकों को विभिन्न पौधों की उपयोगिता एवं वनस्पति विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। वहीं एनएसएस इकाई-5 के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो.आशीष कुमार मंडल ने भी उपस्थित लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया। इकाई-3 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ.रूपम कुमारी ने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल जरूरी है, तभी हरित और स्वच्छ वातावरण का निर्माण संभव होगा। कार्यक्रम में प्रो.जय मंगल राय, हुमायूं कबीर, संजीव सरकार सहित एनएसएस स्वयंसेवक अनीता टुडू, गुलाब मोहली, पिंकी हांसदा, मरसिला किस्कू आदि उपस्थित थी।
