सरैयाहाट/दुमका। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार को दुमका जिला के सरैयाहाट अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक आनंद कुमार भारद्वाज को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। प्रधान लिपिक पर आरोप है कि उन्होंने जमीन से जुड़े एक मामले की जांच रिपोर्ट अनुमंडल कार्यालय भेजने के बदले रिश्वत की मांग की थी। एसीबी के अनुसार, सरैयाहाट प्रखंड के मंडलडीह गांव निवासी दीपक दास से जांच प्रतिवेदन भेजने के एवज में प्रधान लिपिक ने 25 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में बातचीत के दौरान पांच हजार रुपये में मामला तय हुआ। शिकायतकर्ता की सूचना पर एसीबी ने जाल बिछाकर प्रधान लिपिक को रिश्वत की राशि लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी को दुमका मुख्यालय लेकर पहुंची, जहां पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार प्रधान लिपिक आनंद कुमार भारद्वाज दुमका शहर के गिलानपाड़ा मुहल्ले का रहने वाला बताया गया है। एसीबी कार्यालय की ओर से इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्रवाई की पुष्टि की गई है।
पिता की मौत के बाद जमीन विवाद में मांगी गई थी रिपोर्ट
शिकायतकर्ता दीपक दास ने बताया कि पिता के निधन के बाद उनके चाचा ने पैतृक जमीन में हिस्सेदारी का दावा किया था। इस मामले को लेकर उन्होंने अनुमंडल कार्यालय में वाद दायर किया था। एसडीओ कार्यालय की ओर से पिछले वर्ष सरैयाहाट अंचल से जांच प्रतिवेदन मांगा गया था।
दीपक दास के अनुसार, अंचल कार्यालय से रिपोर्ट अनुमंडल कार्यालय भेजवाने के लिए वह कई बार कार्यालय का चक्कर लगा रहे थे। इसी दौरान प्रधान लिपिक आनंद कुमार भारद्वाज ने रिपोर्ट भेजने के बदले 25 हजार रुपये की मांग की। रिश्वत देने से इनकार करते हुए उन्होंने एसीबी से शिकायत की, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई कर प्रधान लिपिक को गिरफ्तार कर लिया।
